Dhanbad: युवा कांग्रेस के प्रस्तावित पुतला दहन कार्यक्रम को लेकर सोमवार को धनबाद में भाजपा जिला कार्यालय के बाहर तनाव की स्थिति बन गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मनुस्मृति का पुतला दहन करने के युवा कांग्रेस के आह्वान को देखते हुए भाजपा जिला कार्यालय के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। एहतियातन कार्यालय परिसर और आसपास का क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में कार्यालय पहुंच गए। इसी बीच युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव, जिलाध्यक्ष आदित्य समेत अन्य कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय की ओर पहुंचे। इसके बाद सड़क पर ही दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक शुरू हो गई। बताया गया कि इसी दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हाथ से प्रधानमंत्री का पुतला छीन लिया।
पुलिस ने तीन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया
स्थिति बिगड़ती देख मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं को अलग किया। पुलिस ने युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव, जिलाध्यक्ष आदित्य समेत तीन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। इसके बाद अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मौके से वापस भेज दिया गया।
घटना के बाद भाजपा जिला कार्यालय के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। पुलिस बल की तैनाती बढ़ाते हुए पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रण में बताया है।
कांग्रेस नेता अभिजीत राज ने कहा कि युवा कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराने पहुंची थी। वहीं, भाजपा नेता शिवराज श्रीवास्तव ने कांग्रेस के कार्यक्रम और प्रदर्शन के तरीके पर आपत्ति जताई।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









