Dhanbad News: धनबाद के भूली थाना क्षेत्र के आजाद नगर में बुधवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां 23 वर्षीय महिला ने अपने 10 महीने के मासूम बेटे के साथ कथित तौर पर आग लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। आग लगाने के बाद महिला बच्चे को गोद में लेकर छत से नीचे कूद गई। इस घटना में मां और बच्चा दोनों गंभीर रूप से झुलस गए और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, आजाद नगर निवासी शाहनवाज अंसारी उर्फ राजा की पत्नी सहाना खातून (23) ने अपने 10 महीने के बेटे फैजान के साथ कथित तौर पर खुद को आग लगा ली। इसके बाद वह बच्चे को गोद में लेकर पास स्थित अधिवक्ता श्रीकांत वर्मा के कार्यालय की एस्बेस्टस (करकट) की छत पर जा गिरी। छत टूटने के बाद दोनों कार्यालय के अंदर जा गिरे।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल महिला और बच्चे को वहां से बाहर निकाला और इलाज के लिए अशर्फी अस्पताल पहुंचाया। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है और चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मायके पक्ष ने जताई साजिश की आशंका
घटना के बाद सहाना खातून के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला के पिता मोहम्मद गुलाम रसूल ने घटना को लेकर साजिश की आशंका जताई है।
उनका आरोप है कि बेटी का ससुराल में अक्सर विवाद होता था और घटना से एक दिन पहले भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच करने के साथ-साथ घर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कराने की मांग की है।
हालांकि, मायके पक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
पति ने आरोपों को बताया गलत
दूसरी ओर, महिला के पति शाहनवाज अंसारी ने मायके पक्ष के आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि घटना के वक्त वह अपने माता-पिता के साथ सामान खरीदने के लिए घर से बाहर गया हुआ था।
शाहनवाज के मुताबिक, जब वह घर लौटा तो वहां लोगों की भीड़ लगी थी। इसके बाद उसे घटना की जानकारी मिली और परिवार के लोगों के साथ मिलकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, यह पुलिस की जांच और सामने आने वाले साक्ष्यों के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस महिला के मायके और ससुराल पक्ष के बयान दर्ज करने के साथ घटनास्थल से जुड़े तथ्यों की भी जांच कर रही है।
फिलहाल मां और मासूम बेटे का अस्पताल में इलाज जारी है और दोनों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis







