Dhanbad CBI Raid: CBI के हत्थे चढ़े मंडल वरीय विद्युत अभियंता, 50 हजार की रिश्वत लेते पकड़े गये, घर से लाखों की नकदी भी बरामद।
Dhanbad: झारखंड के धनबाद से भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी खबर सामने आई है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने शुक्रवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मंडल वरीय विद्युत अभियंता (सामान्य) संजीव कुमार को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी ठेकेदार ए.के. झा द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की गई है।
Dhanbad CBI Raid: ठेकेदार ने सूचना CBI को दी
आरोप है कि संजीव कुमार ने स्टेशन पर लिफ्ट मरम्मत और अन्य तकनीकी कार्यों के बकाया बिलों को पास करने के एवज में ठेकेदार से मोटी रिश्वत की मांग की थी। ठेकेदार ने इसकी सूचना CBI को दी, जिसके बाद जाल बिछाकर आरोपी अधिकारी को पकड़ लिया गया। गिरफ्तारी के बाद CBI की टीम ने संजीव कुमार के कार्यालय और आवास पर घंटों सघन तलाशी ली। जांच के दौरान बरामदगी का विवरण इस प्रकार है:
छापेमारी में हुई बड़ी बरामदगी
कार्यालय से मेज के दराज से 50,000 रुपए नकद और आवास से तलाशी के दौरान 4.5 लाख रुपए कैश बरामद किए गए हैं। टीम ने दफ्तर से कंप्यूटर, हार्डडिस्क, प्रिंटर और टेंडर से संबंधित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं।
सूत्रों के अनुसार, CBI यह भी जांच कर रही है कि संजीव कुमार ने पहले भी किन-किन टेंडरों में अड़ंगा लगाकर अवैध वसूली की है। कार्यालय में देर रात तक चली इस कार्रवाई से रेल विभाग के अन्य अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है।











