Dhanbad: दुर्गा पूजा को लेकर धनबाद जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। रविवार को उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकालते हुए जिले के विभिन्न इलाकों का निरीक्षण किया। फ्लैग मार्च पुलिस केंद्र से शुरू होकर बैंक मोड़, धनसार, झरिया, कतरास मोड़, सिंदरी, बलियापुर, निरसा, मैथन, गोविंदपुर सहित कई क्षेत्रों से गुजरा। अधिकारियों ने पूजा पंडालों और मेलों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा समितियों के पदाधिकारियों से मुलाकात कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
Read more: Breaking: सड़क हादसे के बाद सदर अस्पताल में हंगामा, डॉक्टरों पर हमले से स्टाफ हड़ताल पर
अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
इस दौरान डीसी आदित्य रंजन ने कहा कि सभी थाना क्षेत्रों में मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। वहीं एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी कैमरे, विशेष पुलिस गश्त और ड्रोन से निगरानी की जा रही है। लोगों से अपील की गई कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या डायल 112 पर दें। पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 8210840901 और 9262998499 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गुप्त रखी जाएगी। निरीक्षण में ग्रामीण एसपी कपील चौधरी, सिटी एसपी ऋतविक श्रीवास्तव, एडीएम (विधि व्यवस्था) हेमा प्रसाद, एसडीएम राजेश कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस बल मौजूद रहे।

न्यूज डेस्क राइटर, खबर मन्त्र। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल जगत और वायरल समसामयिक विषयों पर त्वरित और सटीक समाचार संपादन।







