Dhanbad News: धनबाद जिले से बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है। झरिया थाना क्षेत्र में एक प्लाई गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में गोदाम में काम कर रहे तीन लोग बुरी तरह से झुलस गए। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची दमकल की टीम आग पर काबू पाने की कोशिश में जुट गई है।
Dhanbad News: दमकल विभाग की चार गाड़ियां आग बुझाने में जुटी
मिली जानकारी के मुताबिक झरिया–सिंदरी मुख्य मार्ग पर स्थित बस्ताकोला के एक गोदाम से अचानक आग की लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते पूरा परिसर धुएं से भर गया। आग इतनी तेज थी कि आसपास का इलाका कुछ समय के लिए धुंधला हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग को बुलाया गया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों ने आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी। दमकलकर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे हुए हैं।
Dhanbad News: गैस सिलेंडर फटने से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने के पीछे गैस सिलेंडर फटने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। इस हादसे में गोदाम से जुड़े राजू अग्रवाल सहित तीन लोग झुलस गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल भेजा गया। वहीं एक मवेशी भी आग की चपेट में आ गया, जबकि अन्य पशुओं को समय रहते बाहर निकाल लिया गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक यह गोदाम सुबलमल अग्रवाल का है, जिसे किराये पर चलाया जा रहा था। आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।












