Dhanbad News: धनबाद थाना क्षेत्र के लुबी सर्कुलर रोड स्थित एक अपार्टमेंट में गुरुवार को एक युवक के छत से गिरने का मामला सामने आया है। हादसे में 21 वर्षीय ऋषव निशांत गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
स्थानीय लोगों की तत्परता से घायल युवक को तत्काल धनबाद सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टरों के अनुसार युवक के शरीर में कई गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया है।
Dhanbad News: धनबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची
बताया जाता है कि घायल युवक ऋषव निशांत, प्रोफेसर कामता प्रसाद का पुत्र है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए और युवक की हालत को लेकर चिंतित हैं।
इधर, सूचना मिलते ही धनबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक छत से कैसे गिरा। पुलिस दुर्घटना और अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
स्थानीय महिला ने बताया कि हमलोगों ने जोर से आवाज सुनी, बाहर निकलकर देखा तो लड़का नीचे गिरा हुआ था। तुरंत आसपास के लोगों ने मिलकर उसे अस्पताल पहुंचाया।












