धनबाद। वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय स्थित पुलिस मुख्यालय में अगस्त माह की अपराध समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलेभर में दर्ज कांडों, अपराध नियंत्रण, वारंट-कुर्की निष्पादन और यातायात व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई।
अगस्त माह में 492 नए कांड दर्ज हुए
एसएसपी ने बताया कि अगस्त माह में 492 नए कांड दर्ज हुए, वहीं 920 मामलों का निष्पादन किया गया, जिससे लंबित मामलों की संख्या घटकर करीब 2600 रह गई है। बाइक चोरी मामले में दो गिरोह का पर्दाफाश कर कई अपराधियों को जेल भेजा गया और दर्जनों बाइक बरामद हुईं। कुर्की-वारंट में संतोषजनक प्रगति दर्ज की गई। यातायात नियम उल्लंघन पर करीब 65 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया।
read more- झारखंड में एक बार फिर सक्रिय हुआ मानसून, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
पुलिस का मकसद जुर्माना वसूली नहीं, बल्कि…
एसएसपी ने कहा कि पुलिस का मकसद जुर्माना वसूली नहीं, बल्कि लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर हादसे कम करना है। त्योहारों को लेकर बाजार, मॉल, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर गश्त बढ़ाने का निर्देश दिया गया। महिला सुरक्षा, पॉक्सो और नशे के अवैध कारोबार पर विशेष कार्रवाई की बात कही गई।
बैठक में बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों को सम्मानित किया गया, जबकि लापरवाही बरतने पर कुमारधुबी प्रभारी को लाइन हाजिर किया गया। एसएसपी ने जनता से अपराध व संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
read more- धनबाद के लोदना में बारिश से बचने गए मासूमों पर टूटा जर्जर मकान, तीन की मौत












