Dhanbad : धनबाद जिले के लोयाबाद स्थित एकड़ा चाली धौड़ा के पास सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बीसीसीएल (BCCL) के इलेक्ट्रिकल विभाग के कर्मचारी खीरु महतो की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में गुस्सा फैल गया और उन्होंने कतरास-केंदुआ मार्ग को जाम कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।
कैसे हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, खीरु महतो (निवासी – गड़ेरिया, कार्यरत – मुनीडीह परियोजना) अपनी बाइक से केंदुआ दवा लेने जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार हाइवा (नंबर JH10CT 9400) ने ओवरटेक करते समय जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
चालक फरार, वाहन बरामद
हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन को पास के शिव मंदिर के पास छोड़कर फरार हो गया। लोयाबाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
परिवार पर टूटा दुख का पहाड़
परिजनों ने बताया कि खीरु महतो को नौकरी उनकी मां की सेवा निवृत्ति के बाद वीआरएस नीति के तहत मिली थी। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं।
लोगों का आक्रोश और सड़क जाम
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने कतरास-केंदुआ मार्ग को जाम कर प्रशासन और परिवहन विभाग को जिम्मेदार ठहराया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि इस मार्ग पर हाइवा चालक बेपरवाह रफ्तार से वाहन चलाते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं।
करीब आधे घंटे के जाम के बाद थाना प्रभारी पिकू प्रसाद के आश्वासन पर लोगों ने जाम हटाया। पुलिस ने कहा कि मृतक के परिवार को नियमों के अनुसार मुआवजा और नौकरी दी जाएगी।












