Jharkhand: दीपावली और छठ के पर्वों को देखते हुए धनबाद जिले में पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा कड़े कर दी है। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त की जाए।
बस स्टैंड, मॉल और ज्वेलरी शॉप पर विशेष निगरानी
एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देशानुसार बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, प्रमुख बाजार, ज्वेलरी शॉप, बैंक, इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम और बड़े मॉल के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने इन स्थानों का दौरा कर सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की।
व्यापारियों और नागरिकों के लिए सुरक्षा सलाह
पुलिस ने व्यापारियों से अपील की है कि बड़ी रकम के लेन-देन के दौरान सतर्क रहें और आवश्यकता पड़ने पर अपने स्थानीय थाना को पुलिस सुरक्षा के लिए सूचित करें।
सड़कों पर जाम और भीड़भाड़ से बचने के लिए एसएसपी ने नागरिकों से कहा कि वाहन केवल निर्धारित पार्किंग में ही लगाएँ और भीड़ वाले क्षेत्रों में सतर्क रहें।
संदिग्ध वस्तुओं और गतिविधियों पर नजर
त्योहारों के दौरान अपराध बढ़ने की संभावना के मद्देनज़र, पुलिस ने जनता से कहा है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखाई देने पर तुरंत डायल 112 पर सूचना दें। पटाखों के प्रयोग के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करना अनिवार्य है।
जिले से बाहर जाने वालों के लिए विशेष व्यवस्था
एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि जो नागरिक त्योहार के दौरान धनबाद से बाहर जा रहे हैं, वे अपने स्थानीय थाना को इसकी सूचना दें। इससे पुलिस खाली घरों की निगरानी कर सकेगी और चोरी या अपराध की संभावना कम होगी।
एसएसपी का संदेश
एसएसपी ने जनता को भरोसा दिलाया कि धनबाद में दीपावली और छठ पर्वों के दौरान कानून-व्यवस्था और सुरक्षा के लिए हर स्तर पर चौकसी रखी जा रही है। नागरिक निश्चिंत होकर त्योहारों का आनंद ले सकते हैं।












