KhabarMantra: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के साथ व्यापार समझौते को लेकर नाराज़गी जताते हुए कहा है कि टेक्नोलॉजी कंपनी एपल को भारत में फैक्ट्रियां लगाने की आवश्यकता नहीं है। ट्रंप का यह बयान भारत द्वारा अमेरिका के साथ प्रस्तावित “जीरो टैरिफ डील” को लेकर आया है, जिससे वे असहमत नजर आए।
यह बयान उन्होंने गुरुवार को कतर की राजधानी दोहा में आयोजित एक बिजनेस लीडर्स कार्यक्रम के दौरान दिया, जहां उनकी मुलाकात एपल के सीईओ टिम कुक से हुई। इस दौरान ट्रंप ने स्पष्ट रूप से कहा कि वे नहीं चाहते कि एपल भारत में अपने उत्पादों का निर्माण करे। उनका मानना है कि भारत के साथ व्यापारिक संतुलन अमेरिका के पक्ष में नहीं है और ऐसे में अमेरिका को सख्त रुख अपनाना चाहिए।
ट्रंप पहले भी चीन और भारत जैसे देशों के साथ अमेरिका के व्यापार घाटे को लेकर चिंता जता चुके हैं और बार-बार घरेलू निर्माण को बढ़ावा देने की बात करते रहे हैं। उनका यह ताजा बयान इसी सोच का हिस्सा माना जा रहा है।हालांकि इस मुद्दे पर एपल या भारत सरकार की तरफ से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।













