Ranchi: दशहरा समिति, टाटीसिलवे की ओर से आयोजित रावण दहन समारोह में राज्यसभा सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने समाज से बुराइयों के खिलाफ एकजुट होकर खड़े होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में समाज को स्वयं राम बनकर आधुनिक रावण रूपी बुराइयों का सामना करना होगा।
समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. वर्मा ने विजयादशमी को असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि रावण दहन केवल परंपरा नहीं, बल्कि समाज में मौजूद बुराइयों के खिलाफ संकल्प लेने का अवसर भी है।
समाज को जागरूक और संगठित रहना होगा
अपने संबोधन में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘दिमागी नक्सल’ संबंधी बयान का उल्लेख करते हुए इसे वर्तमान समय की चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि बदलते दौर में बुराइयां अलग-अलग रूपों में सामने आ सकती हैं, जिनसे निपटने के लिए समाज को जागरूक और संगठित रहना होगा।
डॉ. वर्मा ने यूरोप के हालात का जिक्र करते हुए भारत की सामाजिक एकजुटता पर भी बात रखी। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने दशहरा समिति के सदस्यों की सराहना की और उपस्थित लोगों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में पूर्व विधायक रामकुमार पाहन, विनोबा भावे विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति रवींद्र नाथ भगत, डीएसपी अमर कुमार पांडेय, समिति अध्यक्ष शंकर प्रसाद साहू सहित कई अतिथि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








