Ranchi: झारखंड के किसानों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। नाबार्ड (NABARD) जल्द ही ई-केसीसी (E-KCC) प्लेटफॉर्म लॉन्च करने जा रहा है, जिसके जरिए किसानों को केवल 3-4 दिनों के भीतर किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) का लाभ मिलेगा। यह घोषणा राज्य की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने नाबार्ड के 44वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर की।
मंत्री तिर्की ने रांची के रेडिशन ब्लू होटल में आयोजित इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, “अब किसानों को KCC के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। नाबार्ड की इस नई पहल से आवेदन प्रक्रिया तेज होगी और लाभार्थियों को समय पर सहायता मिलेगी।”
उन्होंने आगे कहा कि किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं का लाभ जागरूकता के अभाव में अधिकतर लोग नहीं उठा पाते हैं। सरकार, सहकारी संस्थान, बैंकों और अधिकारियों को टीम भावना के साथ काम करने की जरूरत है, जिससे योजनाओं का लाभ सही समय पर किसानों तक पहुंचे।
महिला सशक्तिकरण और FPO पर जोर
शिल्पी नेहा तिर्की ने वित्तीय समावेशन और महिला सशक्तिकरण के लिए नाबार्ड के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि किसान क्रेडिट कार्ड की राशि में कटौती को अपराध की श्रेणी में माना जाना चाहिए और बैंकों को किसानों को संपूर्ण राशि देने पर जोर देना चाहिए।
उन्होंने SLBC को निर्देश दिया कि ट्रैक्टर, पंपसेट और अन्य अनुदानित योजनाओं में किसानों के अंशदान को चेक के बजाय विड्रॉल फॉर्म के माध्यम से भी लिया जा सके, ताकि किसानों को समय पर लाभ मिले।
उत्कृष्ट किसानों और पैक्स को किया गया सम्मानित
इस अवसर पर कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले किसानों और लैंप्स-पैक्स को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में पद्मश्री चामी मुर्मू भी शामिल रहीं। कार्यक्रम में नाबार्ड द्वारा लगाए गए स्टॉल का मंत्री ने निरीक्षण किया और नई पुस्तिका का विमोचन भी अतिथियों द्वारा किया गया।
समारोह को नाबार्ड के मुख्य महाप्रबंधक गौतम सिंह, वित्त सचिव प्रशांत कुमार, बीएयू के कुलपति एस सी दुबे और SLBC के महाप्रबंधक गुरु प्रसाद गोंड ने भी संबोधित किया।













