Ranchi News: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार सुबह रांची में 750 करोड़ रुपये के जीएसटी घोटाले से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ छह ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, ईडी की टीमें सुबह एयरपोर्ट रोड स्थित कार्यालय से रवाना हुईं और अलग-अलग वाहनों से विभिन्न स्थानों पर एक साथ पहुंचीं। छापेमारी की प्रमुख जगहों में पीपी कंपाउंड स्थित कृष्णा अपार्टमेंट का चौथा फ्लोर शामिल है, जहां एक फ्लैट की गहन तलाशी ली जा रही है। इसके अलावा पांच अन्य ठिकानों पर भी जांच जारी है।
read more- प्रयागराज में धनबाद के कुख्यात अपराधी छोटू सिंह घायल, एके-47 समेत भारी हथियार बरामद
टीमें संबंधित स्थानों से जरूरी दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य संभावित साक्ष्यों की जांच कर रही हैं। यह पूरा मामला जीएसटी में फर्जी बिलिंग कर सरकार को राजस्व का भारी नुकसान पहुंचाने से जुड़ा बताया जा रहा है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी ईडी ने इस घोटाले में रांची, जमशेदपुर, कोलकाता और मुंबई में एक साथ छापेमारी की थी। उस दौरान कोलकाता से शिव कुमार देवड़ा और जमशेदपुर से अमित अग्रवाल उर्फ विक्की भालोटिया समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया था। उनसे पूछताछ में सामने आए इनपुट के आधार पर यह दूसरी बड़ी छापेमारी की गई है। फिलहाल ईडी की टीमें कई अहम दस्तावेजों की जांच कर रही हैं और इस घोटाले में और भी लोगों की संलिप्तता की संभावना जताई जा रही है।













