सिंदरी: सिंदरी के राँगामाटी विद्युत सबस्टेशन के नजदीक रखे विद्युत पोल की चोरी करने के प्रयास का मामला सोमवार की दोपहर उजागर हुआ। इस पर विद्युत पोल आपूर्ति संवेदक एबीएस इंफ्रा के मैनेजर राजमन यादव ने बताया कि बीते कुछ दिनों में सिंदरी के आइएमटाइप प्रिंस कल्ब मैदान, केवन क्षेत्र के मैदान और राँगामाटी जय माता दी मंदिर मैदान के पास रखे पोलों की चोरी हुई है। उन्होंने बताया कि इनमें सिंदरी थाना अंतर्गत केवन क्षेत्र के मैदान से लगभग 250 विद्युत पोलों की चोरी हुई है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक पोल की कीमत 25 से 30 हजार रुपए है। उन्होंने ना तो विभाग को और ना ही पुलिस से इसकी शिकायत की है।
इस संबंध में जेबीवीएनएल धनबाद महाप्रबंधक अशोक कुमार सिन्हा ने बताया कि विभाग को कोई जानकारी प्राप्त नहीं है। उन्होंने बताया कि संवेदक को सिंदरी में नयी विद्युतीकरण का कार्य दिया गया है। अगर पोलों की चोरी हुई है तो एजेंसी को भरपाई करनी होगी।
इस पर सवाल उठाते हुए भाजपा सिंदरी नगर अध्यक्ष अरविंद पाठक ने कहा कि लगभग सवा करोड़ रुपए के विद्युत पोल की चोरी पर विभाग मौन क्यों है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए बताया है कि संवेदक ने 450 पोल की चोरी की बात कही है। परंतु संवेदक ने इससे पहले रिपोर्ट क्यों नहीं लिखवाई। उन्होंने आशंका जताई है कि कहीं सिंदरी की इतनी बड़ी घटना की विद्युत विभाग और संवेदक की लीपा पोती का प्रयास तो नहीं कर रहे हैं।
वहीं राँगामाटी सबस्टेशन के पास रखे विद्युत रेल पोल की चोरी का प्रयास करनेवाले हाइड्रा वाहन और ट्रेलर वाहन चालकों को बलियापुर पुलिस वाहन सहित पकड़कर ले गई। इस संबंध में बलियापुर प्रभारी ने बताया कि कंपनी के मैनेजर राजमन यादव के लिखित शिकायत पर दोनों वाहनों के मालिकों सहित चालकों पर केस दर्ज कर दिया गया है। ट्रेलर के चालक बोकारो निवासी नूर आलम और हाइड्रा के मालिक सह चालक बरवाअड्डा निवासी नईम को जेल भेजा जा रहा है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









