Dhanbad: वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर बरवाअड्डा पुलिस ने नकली सिगरेट के कारोबार का भंडाफोड़ करते हुए एक कारोबारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
रविवार देर रात किसान चौक के समीप वाहन जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर बगुला बस्ती स्थित एक घर में छापेमारी की गई, जहां से अलग-अलग ब्रांड के 6,686 पैकेट नकली सिगरेट बरामद किए गए। बरामद सिगरेट की कीमत करीब चार लाख रुपये आंकी गई है।
वाहन में अलग-अलग ब्रांड की सिगरेट के पैकेट मिले
इस संबंध में सोमवार को डीएसपी मुख्यालय-1 कुमार विनोद ने बरवाअड्डा थाना परिसर में प्रेसवार्ता कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अवनेश आईपीआर सर्विस कंपनी के असिस्टेंट मैनेजर योगेश तोमर ने बरवाअड्डा थाना में नकली सिगरेट की बिक्री को लेकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के आधार पर पुअनि रोबिंश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई, जिसमें पुअनि लालजी उरांव भी शामिल थे। पुलिस टीम ने रविवार देर रात किसान चौक के समीप वाहन संख्या जेएच 10 डीजे 3809 को रोककर जांच की। वाहन में अलग-अलग ब्रांड की सिगरेट के पैकेट मिले। इसके बाद पुलिस ने बगुला बस्ती निवासी नंदन बरनवाल के घर पर छापेमारी की।
असली और नकली सिगरेट के बीच अंतर पहचानना मुश्किल
छापेमारी के दौरान घर से विभिन्न ब्रांड के कुल 6,686 पैकेट नकली सिगरेट बरामद किए गए।डीएसपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि नकली सिगरेट की सप्लाई ग्रामीण क्षेत्रों की छोटी-छोटी दुकानों में की जाती थी। इन दुकानों पर ग्राहकों के लिए असली और नकली सिगरेट के बीच अंतर पहचानना मुश्किल होता है। पुलिस ने बरामद सिगरेट को नकली बताया है।
सप्लाई चेन खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब नकली सिगरेट के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। जांच की जा रही है कि सिगरेट कहां बनाई जाती थी, कहां से लाई जाती थी और इस अवैध कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद नकली सिगरेट के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









