Godda: गोड्डा जिले के सुंदरपहाड़ी स्थित एक मिशनरी स्कूल के फादर पर वहां काम करने वाली महिला रसोइया ने यौन शोषण और दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर सुंदरपहाड़ी थाने में फादर थामस सोरेन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
स्कूल में रसोईया की जिम्मेदारी निभाती थी पीड़िता
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पीड़िता अपने पति के साथ रोजगार की तलाश में बाहर रहती थी। आरोप है कि फादर ने स्कूल में काम दिलाने का भरोसा देकर उसे सुंदरपहाड़ी बुलाया और रसोइया के रूप में काम पर रख लिया। महिला जून महीने में स्कूल में काम करने पहुंची थी। वहां वह रसोई की जिम्मेदारी संभालती थी, जबकि उसका पति बच्चों के लिए खाना बनाता था।
काम के दौरान फादर पर जबरन यौन संबंध बनाने का आरोप
महिला ने आरोप लगाया है कि काम के दौरान फादर ने उसके साथ जबरन यौन संबंध बनाए। विरोध करने पर नौकरी से हटाने और उसके बच्चे को मिशन स्कूल से निकालने की धमकी दी गई। पीड़िता का दावा है कि नौकरी जाने के डर से वह लंबे समय तक चुप रही।
प्राथमिकी में महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि इस दौरान वह गर्भवती हो गई थी। इसके बाद फादर ने उसे गर्भपात की दवा दी। दवा खाने के बाद तबीयत बिगड़ने पर उसने अपने पति को पूरी घटना की जानकारी दी। महिला के पति ने भी इस मामले में फादर से शिकायत की थी।
आरोपी की गिरफ्तारी की मांग, पुलिस की जांच शुरु
पीड़िता ने महिला आयोग की पूर्व सदस्य ममता कुमारी से भी शिकायत की थी। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। ममता कुमारी ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है।
सुंदरपहाड़ी थाना प्रभारी विधान चंद्र पटेल ने प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और पुलिस जांच के नतीजे सामने आना बाकी हैं।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







