Air India Express: बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (KIA) पर Air India Express की एक फ्लाइट में बड़ा हंगामा हो गया। एक 36 वर्षीय महिला डॉक्टर ने केबिन क्रू के साथ बदसलूकी की और कथित तौर पर विमान को क्रैश कराने की धमकी दी। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने महिला को विमान से उतारकर हिरासत में ले लिया।
क्या हुआ था एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में?
घटना मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे की है, जब फ्लाइट बेंगलुरु से सूरत के लिए उड़ान भरने ही वाली थी। महिला यात्री की पहचान हीरल मोहनभाई के रूप में हुई है, जिनकी सीट संख्या 20F थी। लेकिन उन्होंने पहली पंक्ति में अपना बैग रख दिया। जब केबिन क्रू ने उन्हें अपना बैग सीट के पास रखने को कहा, तो महिला ने इनकार कर दिया और बहस करने लगी।
पायलट और यात्रियों से भी किया दुर्व्यवहार
केबिन क्रू के बार-बार कहने और पायलट के हस्तक्षेप के बावजूद महिला नहीं मानी। उल्टे उन्होंने सहयात्रियों पर चिल्लाना शुरू कर दिया। बात तब और बिगड़ गई जब महिला ने कथित तौर पर कहा कि वह विमान को क्रैश करवा सकती है। इस धमकी के बाद फ्लाइट के कर्मचारियों ने तुरंत CISF को सूचित किया।
हिरासत में लेने के बाद पुलिस से भी की बदसलूकी
CISF ने महिला को विमान से उतार दिया और KIA पुलिस स्टेशन ले गई। रिपोर्ट के मुताबिक, महिला ने पुलिस अधिकारियों के साथ भी दुर्व्यवहार और हाथापाई की। Times of India के अनुसार, महिला का दावा है कि वह अब चिकित्सा अभ्यास नहीं करती हैं, जिसे उनके पति ने भी पुलिस को बताया।
किन धाराओं में दर्ज हुआ मामला?
महिला डॉक्टर के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 351(4), 353(1)(B) और नागरिक उड्डयन सुरक्षा अधिनियम के धारा 3(1)(A) के तहत केस दर्ज किया गया है। इन धाराओं के तहत विमान में उपद्रव मचाने, अधिकारियों के काम में बाधा डालने और विमान की सुरक्षा को खतरे में डालने के गंभीर आरोप शामिल हैं।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









