Dhanbad : फुलारीटांड क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया। खरखरी कॉलोनी के रहने वाले और बीसीसीएल में वन सेटर पद पर कार्यरत उत्तम सिंह की एक टेंपो के साथ जोरदार टक्कर हो गई। इस टक्कर में उत्तम की मौत हो गई।
उत्तम सिंह महुदा से अपनी मोटरसाइकिल पर घर लौट रहे थे और बताया जाता है कि वे गलत दिशा से बाइक चला रहे थे। इसी दौरान महुदा की ओर जा रहा एक अज्ञात टेंपो पीछे से आती ट्रक को देखकर अचानक भ्रमित हो गया और वह साइड नहीं बदल पाया। परिणामस्वरूप टेंपो सीधे उत्तम सिंह की बाइक से भिड़ गया।
अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
टक्कर इतनी भयावह थी कि उत्तम सिंह उछलकर डिवाइडर पर सिर के बल गिर पड़े, जबकि उनकी बाइक दूर जाकर सड़क पर छिटक गई। हादसे के बाद वे कुछ देर तक गंभीर हालत में सांस लेते रहे, लेकिन आसपास मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी के कारण उन्हें तुरंत अस्पताल नहीं ले जाया जा सका। सूचना पर मधुबन और महुदा पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक उत्तम सिंह की मौत हो चुकी थी।
स्थानीय लोगों ने उन्हें पीसीआर वैन से निजी क्लिनिक पहुंचाया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। अंतिम उम्मीद में परिजन उन्हें सेंट्रल अस्पताल, धनबाद भी ले गए, पर वहां भी चिकित्सकों ने उन्हें मृत बताया। हादसे की खबर से खरखरी कॉलोनी में मातम पसरा है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।











