Ranchi: राजधानी रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के कुटियातू स्थित टीटॉस रेस्टोरेंट में देर रात करीब 8:30 बजे अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस घटना में होटल में मौजूद मनीष गोप को गोली लगने से उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बाइक सवार दो अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर सिटी एसपी, कोतवाली डीएसपी, हटिया डीएसपी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल पहुंचा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Ranchi: राजकुमार गोप थे असली निशाना
बताया जा रहा है कि इस हमले में अपराधियों का निशाना रेस्टोरेंट के संचालक राजकुमार गोप थे। दरअसल, टीटॉस रेस्टोरेंट के संचालक राजकुमार गोप को 25 दिसंबर को कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। इसके बाद राजकुमार गोप ने मामले की जानकारी रांची के सिटी एसपी और हटिया डीएसपी को दी थी, जिसके बाद उन्हें सुरक्षा के लिए अंगरक्षक उपलब्ध कराया गया था।
हालांकि करीब एक महीने बाद राजकुमार गोप से अंगरक्षक वापस ले लिया गया। माना जा रहा है कि अपराधियों ने इसी का फायदा उठाते हुए बीती रात रेस्टोरेंट में ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस दौरान राजकुमार गोप के चचेरे भाई मनीष गोप को गोली लग गई, जिससे उनकी मौत हो गई।
इधर घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक अपराधियों की पहचान नहीं हो सकी है।
खाड़ी देश से नेटवर्क चला रहा प्रिंस खान
गौरतलब है कि हाल के दिनों में राजधानी रांची में लगातार फायरिंग की घटनाएं सामने आ रही हैं। हालांकि पुलिस ने कई मामलों का खुलासा भी किया है, लेकिन इस घटना में प्रिंस खान का नाम सामने आना चिंता का विषय माना जा रहा है। बताया जाता है कि प्रिंस खान खाड़ी देश में छिपा हुआ है, जबकि उसके गुर्गे यहां लगातार आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
हालांकि इस मामले में प्रिंस खान का नाम सामने आया है, लेकिन पुलिस ने अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।













