खूंटी। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ ) के 94 बटालियन का 38वां स्थापना दिवस सीआरपीएफ के तजना स्पोर्ट्स कंपलेक्स स्थित मुख्यालय में धूमधाम से मनाया गया।
इस वाहिनी की स्थापना एक अप्रैल 1988 को भुवनेश्वर ओडिशा में हुई थी। बटालियन के स्थापित होने के बाद यह बटालियन देश के विभिन्न राज्यों जैसे नागालैंड, पंजाब, पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा, जम्मू-कश्मीर और दिल्ली में तैनात रही है। मार्च 2010 से यह बटालियन नक्सल विरोधी ऑपरेशन ड्यूटी के लिए झारखंड के खूंटी जिले में तैनात है। अपनी कार्य योजना को धरातलीय रूप देकर इस वाहिनी ने कई यह अभूतपूर्व सफलताएं अर्जित की हैं। समय-समय पर इस वाहिनी की ओर से विशेष अभियानों का संचालन किया जाता रहा है।
खूंटी जैसे अतिसंवेदनशील जिले में शांति स्थापना कायम करने में इस वाहिनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। स्थापना दिवस के अवसर पर कमांडेंट विनोद कुमार ने सीआरपीएफ के शहीदों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
उन्होंने क्वार्टर गार्ड में सलामी ली और जवानों के साथ सैनिक सम्मेलन के माध्यम से बटालियन के गौरवमयी इतिहास और उपलब्धियां के बारे में जानकारी दी तथा भविष्य की परिचालक रणनीति से सबको अवगत कराया। कमांडेंट ने पेंशन कर्मियों और शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया और उपहार भेंट किया। साथ ही उनकी समस्याओं के बारे में चर्चा की।
अपराह्न में वॉलीबॉल मैच का आयोजन किया गया, जिसमें विजेता इौर उप विजेता टीम को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में कमांडेंट के अलावा उप कमांडेंट अंजन कुमार मंडल, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ विनय कुमार यादव, सूबेदार मेजर सहित इस वाहिनी के जवान उपस्थित थे।









