खूंटी। तोरपा के विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि गंगा यमुना-तहजीब हमारे देश की खासियत है। हम सब को मिलकर इसे बरकरार रखना है। ये बातें तोरपा कें विधायक सुदीप गुड़िया ने कही। विधायक तोरपा प्रखंड के तपकारा में मुस्लिम नव जवान कमेटी की ओर से आयोजित ईद मिलन समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
विधायक ने कहा कि सभी धर्म के लोग सभी त्योहार को मिलकर मनाएं तथा एक दूसरे से त्योहार की खुशियां बांटे। हमारे संविधान में भी यही प्रावधान है कि हम सभी धर्म का सम्मान करें। ऐसा करने से हमारा देश और समाज आगे बढेगा। सुदीप गुड़िया ने कहा कि ईद मिलन समारोह में विभिन्न मस्जिदों के सदर, अंजुमन इस्लामिया के सदर, रामनवमी महासमिति, दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष और सदस्यों शामिल होकर गंगा यमुना तहजीब को निभाया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से सामाजिक समरसता बढ़ती है तथा समाज मजबूत बनता है।
जाति-धर्म में बंटकर इंसानियत को ख़त्म नहीं करना चाहिए: जुबैर अहमद
मौके पर झामुमो के जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद ने कहा कि ईश्वर ने हम सभी इंसान के रूप में एक सामान इस धरती पर भेजा। इसलिए हमें जाति-धर्म में बंटकर इंसानियत को ख़त्म नहीं करना चाहिये। उन्होंने कहा कि ना हम हिंदू हैँ ना मुसलमान है, हम तो इंसान की औलाद हैँ हमें इंसान ही बनकर रहना चाहिए।
रामनवमी महासमिति के अध्यक्ष नितेश केशरी ने कहा कि समाज में हमें मिलजुल कर रहना चाहिए। कार्यक्रम में तपकारा थाना प्रभारी नितेश कुमार गुप्ता, पूर्व उप प्रमुख सोफिया सुल्ताना, अंजुमन इस्लामिया तपकारा के सदर मो वाहिद, जिप सदस्य सुशांति कोनगाडी, मुखिया रौशनी गुड़िया सहित अन्य ने भी विचार व्यक्त किये।
कार्यक्रम का संचालन नव जवान कमेटी के सदर फिरोज खान ने किया। मौके पर कलीम खान, निपुण चौधरी, ओमप्रकाश चौधरी, सिंगराई भेंगरा, नीरज पाढ़ी, गोलू, प्रदीप गुप्ता, मुद्दसार आलम, अफ़रोज़ आलम सहित अन्य उपस्थित थे।










