Ranchi: राजधानी Ranchi में गैंगस्टर Prince Khan के नाम पर रंगदारी मांगने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। होटल कारोबारियों के बाद अब शहर के चर्चित पाल ब्रदर्स ज्वेलर्स के संचालक सुमन पाल से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। धमकी मिलने के बाद कारोबारी ने लालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पीड़ित सुमन पाल ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 4 जून की रात करीब 9:50 बजे उनके मोबाइल पर विदेशी नंबर (+971545920432) से कॉल और व्हाट्सएप मैसेज आया। मैसेज में 5 करोड़ रुपये की मांग करते हुए रकम नहीं देने पर जान से मारने और गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई। फोन करने वाले ने खुद को दुबई में बैठे कुख्यात अपराधी प्रिंस खान बताया।
धमकी के बाद सुमन पाल और उनका परिवार दहशत में है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपने परिवार और ज्वेलरी प्रतिष्ठान की सुरक्षा के लिए पुलिस गार्ड उपलब्ध कराने की मांग की है। लालपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर विदेशी नंबर और व्हाट्सएप मैसेज की तकनीकी जांच शुरू कर दी है।
हाल के दिनों में किन कारोबारियों से मांगी गई रंगदारी
राजधानी में पिछले कुछ महीनों के दौरान प्रिंस खान के नाम पर रंगदारी मांगने के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हुई है।
- हाल ही में होटल कैपिटॉल हिल के संचालक संजय भाटिया उर्फ टिनू भाटिया से विदेशी नंबर के जरिए 1 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। पैसे नहीं देने पर पूरे परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई थी।
- इससे पहले जलजोगा रेस्टोरेंट के मालिक मिहिर घोष और उनके भाई समीर घोष से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के जरिए धमकी दी गई थी कि रकम नहीं देने पर पूरे परिवार को खत्म कर दिया जाएगा।
- इससे पहले शहर के एक दवा कारोबारी से भी 1 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया था।
- एयरपोर्ट रोड स्थित एक होटल में रंगदारी नहीं मिलने पर बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग में एक वेटर की मौत भी हो चुकी है, जिससे कारोबारी वर्ग में भय और बढ़ गया है।
पुलिस और एटीएस की संयुक्त टीम कर रही जांच
लगातार सामने आ रहे रंगदारी के मामलों को गंभीरता से लेते हुए व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से मुलाकात कर सुरक्षा और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
डीजीपी के निर्देश पर रांची पुलिस और एटीएस (एंटी टेररिस्ट स्क्वाड) की संयुक्त टीम गठित की गई है। टीम विदेशी नंबरों, व्हाट्सएप कॉल, स्थानीय नेटवर्क और Prince Khan गिरोह के संभावित कनेक्शन की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वास्तव में विदेश में बैठा गैंगस्टर ही रंगदारी मांग रहा है या फिर कोई उसके नाम का इस्तेमाल कर कारोबारियों को धमका रहा है।
लगातार सामने आ रही घटनाओं ने राजधानी के कारोबारी वर्ग में सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है और पुलिस पर जल्द कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








