Gaya: गया नगर निगम से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। गया नगर निगम के मेयर वीरेंद्र कुमार जिन्हें गणेश पासवान के नाम से भी जाना जाता है, उनके सरकारी और प्राइवेट सुरक्षाकर्मियों को पुलिस ने 108 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कोतवाली थाना क्षेत्र के बैरांगी इलाके में की गई जिसके बाद पुलिस शराब धंधेबाजों से जुड़े लिंक के तलाश में जुट गई है।
डीएसपी सिटी 1 सरोज कुमार साह की मानें तो जिला पुलिस मुख्यालय को शराब इक्कठा किए जाने की सुचना गुप्त रूप से मिली थी जिसके आधार पर कोतवाली थाना पुलिस ने छापेमारी करते हुए गाड़ी की जांच की। जिसके बाद 108 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद किया गया, मौके पर जांच कर रही कोतवाली थाना पुलिस ने मेयर के सरकारी सुरक्षाकर्मी को गिरफ्तार कर कोतवाली थाना लाया गया।
सरकारी सुरक्षाकर्मी की गिरफ्तारी के बाद मेयर का प्राइवेट सुरक्षाकर्मी भी कोतवाली थाना पहुंचा जिसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार किया। डीएसपी के अनुसार दोनों से पूछताछ की प्रक्रिया जारी है, पुलिस पता लगाने में लगी हुई है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसका सप्लाई कहां कहां होना था। पुलिस इन दोनों के जरिए शराब तस्करों तक पहुंचने की कोशिश में लगी हुई है।
डीएसपी के अनुसार गिरफ्तारी के वक्त सरकारी सुरक्षाकर्मी सादे कपड़े में थे और उनके पास सर्विस रिवॉल्वर नहीं था जिसके कारण रिवॉल्वर बरामद नहीं हुई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसके पास कितने कारतुस थे जिसकी जानकारी के लिए कोतवाली थाना पुलिस सरकारी सुरक्षाकर्मियों के घर से रिव़ॉल्वर और कारतुस बरामद करने के लिए लिए रवाना हो गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आगे की कार्रवाई जारी है, कार्रवाई के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।













