Giridih में हाइवा की चपेट में आने से 60 वर्षीय महिला की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने हाइवा में आग लगाई
Giridih(गिरिडीह): जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत किसगो रानीबांध गांव में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जाता है कि अवैध खनन से पत्थर लादकर जा रहे एक हाइवा ने महिला को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
मृतक महिला की पहचान बिहार के बांका जिला के बौसी निवासी के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार महिला शुक्रवार की रात किसगो गांव स्थित अपने रिश्तेदार के घर से गादिकला में रहने वाली अपनी बहन के घर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार से आ रहे अवैध पत्थर लदे हाइवा ने उसे कुचल दिया।
घटना के बाद चालक हाइवा लेकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने हाइवा को रोक लिया और गुस्से में आकर उसमें आग लगा दी। देखते ही देखते हाइवा धू-धू कर जलने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही हीरोडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने का प्रयास किया। आग पर काबू पाने के लिए अग्निशमन वाहन को बुलाया गया, जिसके बाद काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई गई।
क्या बोले थाना प्रभारी: महेश चन्द्र
हीरोडीह थाना प्रभारी महेश चन्द्र ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
इधर इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में अवैध खनन को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से अवैध खनन का कारोबार चल रहा है, जिससे आए दिन इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। प्रशासन से अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।












