Jharkhand: धनबाद रेल मंडल के फुलारीटांड रेलवे स्टेशन को लंबे संघर्ष के बाद बड़ी सौगात मिली है। रेलवे बोर्ड हाजीपुर द्वारा धनबाद-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस, रांची-भागलपुर बनांचल एक्सप्रेस और रांची-गोड्डा एक्सप्रेस के फुलारीटांड में ठहराव की आधिकारिक स्वीकृति दे दी गई है। यह ठहराव 2 अगस्त से प्रभावी होगा।
इस ऐतिहासिक फैसले की जानकारी स्टेशन अधीक्षक अशोक कुमार गुप्ता ने दी। उन्होंने बताया कि तीनों ट्रेनों के ठहराव की सूचना टाइम टेबल के साथ हाजीपुर से जारी की गई है, जिसे स्टेशन को भेज दिया गया है।
स्थानीय जनता में जश्न का माहौल
इस फैसले की खबर फैलते ही फुलारीटांड सहित आसपास के क्षेत्रों में नागरिक विकास मंच और आम यात्रियों में उत्सव का माहौल बन गया। कई लोगों ने इसे आठ साल के संघर्ष की जीत करार दिया है।
स्थानीय दुकानदार, टोटो-ऑटो चालक और यात्री समूह के लोग आज से ही कल के स्वागत की तैयारियों में जुट गए हैं। जनप्रतिनिधियों और रेलवे अधिकारियों के प्रति आभार प्रकट करते हुए नागरिकों ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, धनबाद सांसद ढुलू महतो, गिरिडीह सांसद सीपी चौधरी और स्थानीय विधायक शत्रुघ्न महतो को इस पहल का श्रेय दिया।
ये ट्रेनें अब करेंगी फुलारीटांड पर ठहराव:
- 13303/04 धनबाद-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस
- 13403/04 रांची-भागलपुर बनांचल एक्सप्रेस
- 18619/20 रांची-गोड्डा एक्सप्रेस
यात्री सुविधाओं में होगा बड़ा बदलाव
इस ठहराव से अब झारखंड, बिहार और बंगाल की ओर यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को सुविधा मिलेगी। रोजाना आने-जाने वाले श्रमिक, छात्र और व्यापारी वर्ग को इससे सीधा लाभ होगा। यह फुलारीटांड को एक बार फिर से ट्रांसपोर्ट हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक मजबूत कदम है।
जश्न में शामिल रहे ये चेहरे:
फुलारीटांड मुखिया प्रतिनिधि दिलीप विश्वकर्मा, बबलू सिंह, प्रकाश यादव, संजय सिंह, प्रवीण गुप्ता, दिनेश यादव, रितिक गुप्ता, जीतू यादव, चंदन गुप्ता, विष्णु साव, विश्वनाथ ठाकुर समेत कई स्थानीय नागरिक मौके पर मौजूद थे।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









