रांची: मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना में नया अपडेट आया है. राज्य सरकार ने अप्रैल और मई माह के लिए महिलाओं को पांच-पांच हजार रुपये की सहायता राशि देने का निर्णय लिया है. महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग ने इस संबंध में तैयारियां पूरी कर ली हैं और सभी जिलों को कुल 9,609 करोड़ रुपये की राशि आवंटित कर दी गई है.
यह सहायता राशि दो महीनों के लिए है – अप्रैल और मई – जिसमें प्रत्येक माह के लिए ढाई-ढाई हजार रुपये लाभुकों के खातों में ट्रांसफर किए जाएंगे. विभाग के अनुसार, 1-2 दिनों के भीतर राशि लाभुकों के खातों में ट्रांसफर की जा सकती है.
गिरिडीह को सबसे अधिक और खूंटी को सबसे कम राशि
राज्य में सबसे अधिक लाभुक गिरिडीह जिले में हैं, जिसके चलते इस जिले को सबसे अधिक 907.50 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं. इसके बाद रांची को 823.50 करोड़, धनबाद को 670.50 करोड़, बोकारो को 639 करोड़ और पलामू को 559.50 करोड़ रुपये की राशि दी गई है. वहीं खूंटी जिले को सबसे कम 165 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं.
सिर्फ आधार लिंक खातों में ही आएंगे पैसे
विभाग ने यह स्पष्ट किया है कि इस बार उन्हीं लाभुकों को योजना की राशि मिलेगी, जिनके बैंक खाते आधार से सीडेड हैं. जिन महिलाओं ने अब तक अपने खाते को आधार से लिंक नहीं कराया है, उनके खाते में पांच हजार रुपये की राशि ट्रांसफर नहीं की जाएगी.
बड़ी संख्या में अपात्र लाभुक योजना से वंचित
योजना की समीक्षा के दौरान कई अपात्र लाभुकों को बाहर कर दिया गया है, जिसके कारण पहले लाभ पाने वाली कई महिलाएं इस बार की किस्त से वंचित रह जाएंगी. विभाग ने पहले ही आधार सीडिंग को अनिवार्य कर दिया था और इसकी सूचना सभी जिलों में पहले ही भेज दी गई थी.
विभागीय स्तर पर सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. अब जिला स्तर पर राशि ट्रांसफर की प्रक्रिया किसी भी दिन शुरू हो सकती है.











