Ranchi News: झारखंडभर में सोमवार से धान की सरकारी खरीद शुरू की जाएगी। इसे लेकर रांची जिला प्रशासन ने अपनी तरफ से सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। बता दें, रांची में किसानों से धान खरीद के लिए कुल 43 अधिप्राप्ति केंद्र बनाए गए हैं, जहां किसान निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना धान बेच पाएंगें।
सभी 43 केंद्रों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है ताकि, धान खरीद के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचा जा सकें। साथ ही, पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए केंद्र में जगह-जगह पर CCTV कैमरे भी लगाए जाएंगे, ताकि हर गतिविधि पर निगरानी रखी जा सके।
राजधानी में इस साल 3.50 लाख क्विंटल धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिले की 11 राइस मिलों का चयन किया गया है, जिन्हें सभी धान अधिप्राप्ति केंद्रों से संबद्ध किया गया है।
Read more- Holiday Alert: 2026 में 34 दिन की छुट्टी! झारखंड का अवकाश कैलेंडर जारी
7755 किसानों का रजिस्ट्रेशन, नए किसानों को भी मौका
अब तक 7755 किसानों का रजिस्ट्रेशन किया जा चुका है। जो किसान अब तक पंजीकरण नहीं करा पाए हैं, उन्हें भी आवेदन का अवसर दिया गया है। किसान https://uparjan.jharkhand.gov.in पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
धान के बदले किसानों को सरकार 2450 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान करेगी। इसके अलावा किसानों की सुविधा के लिए मोबाइल ऐप के जरिए स्लॉट बुकिंग की व्यवस्था भी की गई है, जिससे भीड़ और अव्यवस्था से बचा जा सके।
इन प्रखंडों में बनाए गए हैं धान अधिप्राप्ति केंद्र
रांची जिले के विभिन्न प्रखंडों में लैम्पस और एफपीओ के माध्यम से धान अधिप्राप्ति केंद्र बनाए गए हैं। इनमें कांके, रातू, अनगड़ा, बुढ़मू, ईटकी, बेड़ो, सिल्ली, लापुंग, ओरमांझी, खलारी, मांडर, चान्हो, तमाड़, बुंडू, राहे, सोनाहातू, नामकुम और नगड़ी प्रखंड शामिल हैं। सभी केंद्रों पर किसानों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन का कहना है कि धान खरीद प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, सुरक्षित और किसान हितैषी बनाया गया है, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
Read more- रांची में बढ़ा पारा, लोगों को मिली राहत, पर इन जिलों में अभी भी ठंड का कहर













