Jharkhand News— गुमला जिले के सिसई प्रखंड में धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली एक घटना सामने आई है. थाना रोड स्थित प्राचीन शिव मंदिर में स्थापित मां दुर्गा की मूर्ति और शिवलिंग क्षतिग्रस्त पाए गए. गुरुवार शाम जब ग्रामीणों को इस घटना की जानकारी हुई, तो वे गंभीर आक्रोश में आकर सड़कों पर उतर आए और रांची-गुमला मार्ग को घंटों तक जाम कर दिया.
मंदिर में टूटी मूर्तियां देख ग्रामीण भड़के
स्थानीय जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम आरती करने पहुंचे पंडित ने देखा कि मंदिर में मां दुर्गा की मूर्ति और शिवलिंग खंडित हैं. इसकी सूचना जैसे ही गांव में फैली, बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में एकत्र हो गए. इसके बाद लोगों ने एनएच-43 को जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे ट्रैफिक पूरी तरह ठप हो गया.
read more- चाकुलिया रेल हादसा: झाड़ग्राम के पास ट्रेन की चपेट में आकर तीन हाथियों की दर्दनाक मौत
प्रशासन मौके पर, आक्रोश नहीं थमा
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ सुरेश प्रसाद, बीडीओ रमेश कुमार, सीओ नितेश खलखो और थानेदार मौके पर पहुंचे. प्रशासन ने लोगों को समझाने की कोशिश की और शांति बनाए रखने की अपील की. हालांकि ग्रामीण आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे और सड़क जाम हटाने से इनकार कर दिया.
सीसीटीवी से हुआ खुलासा: विक्षिप्त महिला से टूटी मूर्तियां
पुलिस ने जब मामले की छानबीन शुरू की तो मंदिर परिसर के पास लगे सीसीटीवी फुटेज में एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला मूर्तियों के पास देखी गई. जांच में सामने आया कि विक्षिप्त महिला पूजा करने मंदिर आई थी, जहां अचानक मूर्ति और शिवलिंग टूट गए. महिला सिसई क्षेत्र में अक्सर घूमती रहती है और उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं है.
प्रशासन की अपील: शांति बनाए रखें
पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों से धैर्य और शांति बनाए रखने की अपील की है. साथ ही कहा गया कि मामले की जांच पूरी पारदर्शिता से की जा रही है और उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी.












