KhabarMantra: भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के बीच साइबर हमले की आशंका भी तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में देश की सुरक्षा एजेंसियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी सतर्क रहने की जरूरत है। केंद्र सरकार की कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम (CERT-In) ने सोशल मीडिया, बैंकिंग और अन्य महत्वपूर्ण डिजिटल प्लेटफॉर्म्स को लेकर अलर्ट जारी किया है। आम नागरिकों को भी साइबर हमलों से बचने के लिए कुछ जरूरी सावधानियां अपनानी होंगी।
1. पर्सनल जानकारी किसी से साझा न करें
इस संवेदनशील समय का फायदा उठाकर स्कैमर्स आपकी निजी जानकारी चुराने की कोशिश कर सकते हैं। कोई भी व्यक्ति अगर सरकारी अधिकारी बनकर जानकारी मांगे, तो पहले उसकी सत्यता की जांच करें। आधार नंबर, पैन नंबर, बैंक डिटेल्स या ओटीपी जैसी जानकारियाँ कभी भी किसी के साथ साझा न करें।
2. मजबूत पासवर्ड बनाएं और समय-समय पर बदलें
अपने सोशल मीडिया, ईमेल और बैंक अकाउंट्स के लिए हमेशा स्ट्रांग पासवर्ड का इस्तेमाल करें। पासवर्ड में बड़े और छोटे अक्षर, नंबर और स्पेशल कैरेक्टर्स जैसे @, #, $ आदि का उपयोग करें। हर अकाउंट के लिए अलग पासवर्ड रखें।
3. अनजान लिंक और ईमेल से रहें सावधान
फर्जी ऑफर्स, जॉब या लोन जैसी बातों से भरे मेल और मैसेज से बचें। इन पर क्लिक करते ही आपके डिवाइस में वायरस आ सकता है जो आपकी जानकारी चुरा सकता है।
4. टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन जरूर ऑन करें
अपने सभी अकाउंट्स के लिए 2FA (टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन) जरूर एक्टिवेट करें। इससे कोई भी व्यक्ति अगर आपके अकाउंट को एक्सेस करने की कोशिश करेगा, तो आपको तुरंत पता चल जाएगा।
5. पब्लिक WiFi का इस्तेमाल न करें
मॉल, रेलवे स्टेशन, कैफे जैसे सार्वजनिक स्थानों के वाईफाई नेटवर्क का इस्तेमाल करते समय सतर्क रहें। जरूरी कामों जैसे बैंकिंग या ऑनलाइन शॉपिंग से बचें क्योंकि यह नेटवर्क असुरक्षित हो सकते हैं।
6. समय-समय पर सॉफ्टवेयर और ऐप्स को अपडेट करें
अपने स्मार्टफोन, लैपटॉप और ऐप्स को समय पर अपडेट करते रहें। पुराने सिस्टम में मौजूद बग्स का फायदा उठाकर हैकर्स साइबर अटैक कर सकते हैं।













