Hazaribagh: हजारीबाग के चर्चित डबल मर्डर मामले में पीड़ित परिवार से मिलने मंगलवार को बड़कागांव की पूर्व विधायक और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय सचिव अंबा प्रसाद पहुंचीं। उन्होंने कुद स्थित आवास पर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
अंबा प्रसाद ने मृत बच्चों के परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि यह घटना बेहद दर्दनाक और मानवता को झकझोर देने वाली है। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा समाज और कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। साथ ही उन्होंने मांग की कि मामले में शामिल दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
पूर्व विधायक ने बताया कि उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से बातचीत कर मामले की निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय दिलाने के लिए वह हर स्तर पर आवाज उठाएंगी।
अंबा प्रसाद ने कहा कि मृत बच्चों का परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फैजाबाद का रहने वाला है और रोजी-रोटी की तलाश में हजारीबाग आया था। उन्होंने कहा कि जिस तरह झारखंड के मजदूर भी रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में जाते हैं, उसी तरह दूसरे प्रदेशों से आए लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि नाबालिग बच्ची तमन्ना और उसके छोटे भाई की निर्मम हत्या ने पूरे हजारीबाग को झकझोर कर रख दिया है। दोनों मासूम बच्चे खिलौने और गुब्बारे बेचकर परिवार के भरण-पोषण में मदद करते थे। इस घटना को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है और हर कोई दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है।
अंबा प्रसाद ने पीड़ित परिवार को आर्थिक और कानूनी सहायता दिलाने का भरोसा भी दिया। उन्होंने कहा कि सरकार से परिवार को उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की जाएगी।
गौरतलब है कि हाल ही में हजारीबाग में दो मासूम बच्चों की हत्या का मामला सामने आया था, जिसके बाद पूरे इलाके में गम और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों तक पहुंचने के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








