Saraikela-Kharsawan: जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। जारी आदेश के तहत कई थाना एवं ओपी प्रभारियों का तबादला करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी आदेश के अनुसार, खरसावां थाना प्रभारी गौरव कुमार को चौका थाना का नया प्रभारी बनाया गया है, जबकि राहुल कुमार सिंह को खरसावां थाना की कमान सौंपी गई है। वहीं करण यादव को ईचागढ़ थाना प्रभारी और रविकांत प्रसाद को आरआईटी ओपी प्रभारी नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा सतीश वर्मवाल को दलभंगा ओपी, रविंद्र मुंडा को कुचाई थाना, नरसिंह मुंडा को कांड्रा थाना, डिलसन बिडुवा को नीमडीह थाना तथा संतन कुमार तिवारी को चांडिल थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
अन्य पदस्थापनों में बजरंग महतो को साइबर थाना सरायकेला, सोनू कुमार को गम्हरिया थाना तथा संजीव कुमार सिंह को खरसावां थाना में पदस्थापित किया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए कार्यस्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया है। पुलिस विभाग में हुए इस व्यापक फेरबदल को जिले में बेहतर पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण, त्वरित कार्रवाई और आम जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
पुलिस महकमे के इस बदलाव के बाद संबंधित थाना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने की उम्मीद जताई जा रही है।








