Hazaribagh के उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल मुख्यालय हजारीबाग में परिवहन विभाग को नया प्रशासनिक नेतृत्व मिल गया है। मंगलवार को संतोष कुमार चौधरी ने हजारीबाग के नए जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) के रूप में पदभार ग्रहण किया। इस दौरान पूर्व डीटीओ बैधनाथ कामती ने उन्हें औपचारिक रूप से कार्यभार सौंपते हुए स्वागत किया।
डीटीओ कार्यालय परिसर में पूरे दिन चहल-पहल का माहौल बना रहा। कई अधिकारी, कर्मचारी और शुभचिंतक नए अधिकारी के स्वागत और पूर्व डीटीओ को विदाई देने पहुंचे।
आम लोगों को नहीं लगाने होंगे कार्यालय के चक्कर
पदभार संभालने के बाद नए डीटीओ संतोष कुमार चौधरी ने साफ कहा कि परिवहन विभाग से जुड़े सभी कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
उन्होंने कहा कि विभागीय प्रक्रियाओं को सरल और पारदर्शी बनाया जाएगा ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि आवेदक अपनी समस्याओं को लेकर सीधे उनसे मिल सकते हैं।
विभागीय कार्यों में पारदर्शिता पर रहेगा जोर
नए डीटीओ ने पहले दिन कार्यालय कर्मियों से परिचय प्राप्त किया और विभागीय कार्यप्रणाली की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग सीधे तौर पर आम जनता से जुड़ा विभाग है, इसलिए लोगों को बेहतर और तेज सेवाएं देना उनकी प्राथमिकता होगी।
जानकारी के अनुसार, झारखंड राज्य गठन के बाद संतोष कुमार चौधरी हजारीबाग जिले के 32वें डीटीओ बने हैं। इससे पहले वे देवघर जिले के मोहनपुर प्रखंड में बीडीओ के पद पर कार्यरत थे। उनके प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए विभाग में बेहतर कार्यप्रणाली की उम्मीद जताई जा रही है।
उत्तरी छोटानागपुर को मिली पहली महिला RTA सचिव
इधर, उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार (RTA) में भी बड़ा प्रशासनिक बदलाव हुआ है। सुजाता कुजूर को नया आरटीए सचिव नियुक्त किया गया है। उन्होंने कमिश्नरी कार्यालय में योगदान दे दिया है, हालांकि औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण की प्रक्रिया पूरी होना बाकी है।
सुजाता कुजूर इससे पहले लोहरदगा में एलआरडीसी के पद पर कार्यरत थीं। प्रशासनिक कार्यों में उनके अनुभव को देखते हुए उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पहली बार महिला अधिकारी संभालेंगी जिम्मेदारी
हजारीबाग परिवहन प्रशासन के इतिहास में यह पहली बार है जब किसी महिला अधिकारी को आरटीए सचिव की जिम्मेदारी मिली है। इसे प्रशासनिक व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आरटीए मुख्यालय के अंतर्गत हजारीबाग, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद और रामगढ़ सहित कुल सात जिले आते हैं। ऐसे में यह पद प्रशासनिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जाता है।
परिवहन विभाग से लोगों को नई उम्मीदें
नए डीटीओ और नई आरटीए सचिव की नियुक्ति के बाद लोगों को उम्मीद है कि परिवहन विभाग में लंबित मामलों का तेजी से निपटारा होगा और कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी। मंगलवार का दिन हजारीबाग परिवहन विभाग के लिए नई शुरुआत और बड़े बदलाव के रूप में देखा गया।







