सरायकेला जिले में अवैध खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने देर रात सघन जांच अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। उपायुक्त के निर्देश पर खनन विभाग, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने जिले के अलग-अलग इलाकों में औचक जांच कर दो लौह अयस्क लदे वाहनों को जब्त किया, वहीं भारी मात्रा में अवैध बालू भंडारण भी पकड़ा गया।
जानकारी के अनुसार, 25 मई 2026 की मध्यरात्रि में जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर शतपथी, खान निरीक्षक समीर ओझा और चौका थाना प्रभारी के नेतृत्व में चौका थाना क्षेत्र के जमशेदपुर-रांची राष्ट्रीय उच्च पथ (NH-33) पर वाहन जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान लौह अयस्क से लदे दो वाहन क्रमांक JH05DL1151 और NL01AF5867 को रोका गया। वाहन चालकों द्वारा वैध परिवहन दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर दोनों वाहनों को जब्त कर चौका थाना में सुरक्षित रखा गया है। मामले में खनन विभाग आगे की कानूनी कार्रवाई कर रहा है।
इसके बाद तड़के सुबह ईचागढ़ थाना क्षेत्र स्थित स्वर्णरेखा नदी तट के सोड़ो जारगोडीह बालू घाट में भी औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान में जिला खनन पदाधिकारी, खान निरीक्षक और ईचागढ़ थाना प्रभारी शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान मौके पर अवैध खनन की गतिविधि तो नहीं मिली, लेकिन विभिन्न जीआर स्थलों पर करीब 22,500 घनफीट अवैध बालू भंडारित पाया गया। प्रशासन ने पूरी बालू खेप को जब्त कर सुरक्षार्थ सुपुर्द कर दिया है। साथ ही जब्त बालू की ई-नीलामी प्रक्रिया जल्द शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा है कि जिले में अवैध खनन, भंडारण और परिवहन को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन द्वारा आगे भी लगातार सघन जांच अभियान और कार्रवाई जारी रहेगी।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








