Jharkhand: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के आरोपों पर पलटवार करते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि “भाजपा के नेता सिर्फ़ अफवाह और भ्रम फैलाने में माहिर हैं, लेकिन उनके पास न समाधान की नीयत है और न ही क्षमता।”
“भाजपा ने स्वास्थ्य व्यवस्था को गर्त में डाला, हम उसे ICU से निकाल रहे हैं”
डॉ. अंसारी ने कहा कि बाबूलाल मरांडी के कार्यकाल में स्वास्थ्य सेवा की हालत बदतर थी। “जब वे मुख्यमंत्री थे, तब अस्पतालों की हालत ऐसी थी कि वहां बुनियादी सुविधाएं भी नहीं थीं। आज हमारी सरकार ने न सिर्फ़ स्थिति को संभाला है, बल्कि सिस्टम को नई ऊर्जा भी दी है।”
उन्होंने आगे कहा कि “मेरे कार्यकाल में स्वास्थ्य तंत्र ने जितनी प्रगति की है, उतनी पिछले 20 वर्षों में नहीं हुई। भाजपा को अब ये बदलाव हज़म नहीं हो रहा है।”
Read More: हत्या के दो दोषियों को उम्रकैद की सजा, कोर्ट ने लगाया 50 हजार रुपये का जुर्माना
एम्बुलेंस कर्मियों की मांगों पर सरकार गंभीर: डॉ. अंसारी
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि एम्बुलेंस कर्मियों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि NHM और सेवा प्रदाता एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं और त्रिपक्षीय समझौते का क्रियान्वयन प्राथमिकता पर है। “हम वेतन में पारदर्शिता लाने और कर्मचारियों को स्थायीत्व देने के लिए नीति तैयार कर रहे हैं। ठेकेदारी मॉडल को हटाने की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं।”
“कोरोना में गंगा में लाशें बह रही थीं, तब भाजपा मौन थी”
डॉ. अंसारी ने भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि “कोरोना महामारी के दौरान केंद्र सरकार और भाजपा शासित राज्य पूरी तरह विफल रहे। लाखों लोग ऑक्सीजन के बिना तड़प-तड़प कर मरे, गंगा में लाशें तैर रही थीं, लेकिन तब बाबूलाल मरांडी जैसे नेता चुप थे।”
उन्होंने कहा कि झारखंड की वर्तमान सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है और अब सुधार ज़मीन पर दिख रहे हैं, जिसे भाजपा बर्दाश्त नहीं कर पा रही है।
“भाजपा का एजेंडा सिर्फ़ अफवाह और बदनामी है”
स्वास्थ्य मंत्री ने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा, “बाबूलाल मरांडी का एकमात्र एजेंडा है — अफ़वाह फैलाओ, भ्रम पैदा करो और सरकार को बदनाम करो। लेकिन झारखंड की जनता अब जागरूक हो चुकी है।”
उन्होंने रांची सदर अस्पताल का उदाहरण देते हुए कहा कि यह आज देश के अग्रणी अस्पतालों में शुमार हो रहा है और यह झारखंड सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
डॉ. अंसारी ने स्पष्ट किया कि “स्वास्थ्य व्यवस्था को राजनीति से ऊपर रखा जाना चाहिए। भाजपा को चाहिए कि वह रचनात्मक आलोचना करे, न कि जनता के बीच भ्रम फैलाकर उनकी भावनाओं से खेले।” उन्होंने भरोसा जताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार सभी क्षेत्रों में सुधार के रास्ते पर मजबूती से आगे बढ़ रही है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









