रामगढ़/नेमरा: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रामगढ़ जिले के एक बच्चे के इलाज के लिए 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी है। बेराटांड़ के भरेच नगर निवासी रामकिशुन बेसरा के करीब छह वर्षीय बेटे अनूप बेसरा के कान के इलाज के लिए मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना के तहत यह सहायता दी गई। मुख्यमंत्री ने 15 अक्टूबर को नेमरा में अनूप के पिता को 10 लाख रुपये का चेक सौंपा।
अनूप का इलाज तमिलनाडु के वेल्लौर स्थित क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। डॉक्टरों ने उसके इंटरनल ईयर (आंतरिक कान) को बदलने की सलाह दी है। इलाज में अधिक खर्च आने के कारण परिवार को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
मुख्यमंत्री के संज्ञान में आने के बाद मिली सहायता
जानकारी के मुताबिक, पिछले दिनों नेमरा में रामकिशुन बेसरा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर बेटे के इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगी थी। मुख्यमंत्री ने मामले पर संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया।
इसके बाद रामगढ़ जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी कीं। इसके बाद मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना के तहत 10 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया।
अनूप के पिता रामकिशुन बेसरा ने कहा कि आर्थिक सहायता मिलने से उनके बेटे के इलाज में काफी मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इन दिनों अपनी दिवंगत माता रूपी सोरेन के श्राद्धकर्म के सिलसिले में अपने पैतृक गांव नेमरा में हैं। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग उनसे मिलकर अपनी समस्याएं रख रहे हैं। मुख्यमंत्री ने लोगों के आवेदन स्वीकार कर संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis







