Hazaribagh: हजारीबाग में राहुल दुबे गैंग के सदस्य तुषार मिश्रा को लेकर सोशल मीडिया पर किए गए दावे और पुलिस की ओर से सामने आई जानकारी के बाद मामला चर्चा में है। दरअसल, 20 नवंबर को राहुल दुबे गैंग की ओर से जारी एक कथित प्रेस रिलीज में तुषार मिश्रा के फर्जी एनकाउंटर की आशंका जताई गई थी।
गैंग की ओर से आरोप लगाया गया था कि हजारीबाग पुलिस उसे मारने की साजिश कर रही है और उसके थाने से फरार होने की झूठी खबर फैलाई जा रही है। साथ ही हजारीबाग एसपी से मामले की जांच कराने और थाने का सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने की मांग की गई थी।
तुषार मिश्रा ने हजारीबाग लाए जाने के दौरान भागने की कोशिश की थी
लेकिन अब इस पूरे मामले में पुलिस की ओर से अलग जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, तुषार मिश्रा ने पुलिस रिमांड पर हजारीबाग लाए जाने के दौरान भागने की कोशिश की थी। हालांकि, सुरक्षा बलों की तत्परता से उसे पकड़ लिया गया। इस दौरान तुषार मिश्रा के पैर में गंभीर चोट आई, जबकि उसे पकड़ने की कोशिश में एक पुलिस जवान भी घायल हो गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 20 नवंबर को कोर्रा थाना कांड संख्या 205/26 के आरोपी तुषार मिश्रा को पूछताछ के लिए रामगढ़ जेल से हजारीबाग लाया जा रहा था। इसी दौरान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के हत्यारी मोड़ के पास उसने शौच जाने का बहाना बनाया।
होटल एके इंटरनेशनल में हुई गोलीबारी का मुख्य आरोपी है तुषार मिश्रा
पुलिस वाहन से उतरते ही वह अचानक भागने लगा। इसके बाद सुरक्षा बलों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। घायल तुषार मिश्रा और पुलिस जवान को इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर हजारीबाग एसपी अमन कुमार भी अस्पताल पहुंचे और तुषार मिश्रा से पूछताछ की। एसपी के मुताबिक, तुषार मिश्रा मतवारी स्थित होटल एके इंटरनेशनल में हुई गोलीबारी का मुख्य आरोपी है। वह राहुल दुबे गैंग का सदस्य है और पुलिस के अनुसार होटल पर फायरिंग की पूरी प्लानिंग उसी ने की थी। शुरुआती पूछताछ में भी उसने इस घटना की योजना बनाने की बात स्वीकार की है।
सोशल मीडिया पर फर्जी एनकाउंटर को लेकर दावा
फिलहाल आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। स्वस्थ होने के बाद पुलिस उससे विस्तार से पूछताछ करेगी। ऐसे में सोशल मीडिया पर फर्जी एनकाउंटर को लेकर किए गए दावे और पुलिस की ओर से बताई गई घटना की परिस्थितियों ने इस मामले को और चर्चा में ला दिया है। हालांकि, दोनों पक्षों के दावों और घटना की परिस्थितियों की स्वतंत्र पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









