Ranchi News: नए साल के स्वागत की तैयारियों के बीच राजधानी Ranchi में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए मंगलवार रात एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के सख्त निर्देश पर जिले के विभिन्न इलाकों में एक साथ संचालित किया गया।
अभियान की कमान अलग-अलग क्षेत्रों के डीएसपी और संबंधित थाना प्रभारियों ने संभाली। पुलिस का मुख्य उद्देश्य नए साल के जश्न के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकना और कानून-व्यवस्था को बनाए रखना रहा।
Ranchi में ड्रंक एंड ड्राइव पर विशेष कार्रवाई
पुलिस ने विशेष रूप से शराब पीकर वाहन चलाने वालों (ड्रंक एंड ड्राइव) के खिलाफ सख्त जांच अभियान चलाया। शहर के विभिन्न बार और रेस्टोरेंट के आसपास भी गहन जांच की गई। इसके अलावा, प्रमुख सड़कों पर वाहनों की सघन चेकिंग कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई।
Ranchi के पिकनिक स्पॉट और होटलों पर अलर्ट
नए साल के मौके पर शहर में कई कार्यक्रम आयोजित होने हैं, वहीं साल के अंतिम दिनों में पिकनिक स्पॉटों पर भारी भीड़ उमड़ रही है। इसे देखते हुए Ranchi प्रशासन ने पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर विशेष निर्देश जारी किए हैं। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के पिकनिक स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने और शहर के रेस्टोरेंट व होटलों में सुरक्षा व्यवस्था की कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया है।
पुलिस का कहना है कि इस एंटी क्राइम चेकिंग अभियान का उद्देश्य नए साल के जश्न के दौरान आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना, सड़क दुर्घटनाओं को रोकना और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना है, ताकि रांची के लोग और पर्यटक सुरक्षित माहौल में नए साल का स्वागत कर सकें।













