Jharkhand: मध्य प्रदेश के सीहोर जैसी हैवानियत की घटना अब झारखंड के कोडरमा जिले में सामने आई है। यहां एक 27 वर्षीय विवाहिता ने अपने पति पर न केवल मारपीट का आरोप लगाया है, बल्कि यह भी कहा है कि पति ने उसे कमरे में बंद कर पीटने के बाद प्यास से तड़पते वक्त पेशाब पिलाया। यह मामला मरकच्चो थाना क्षेत्र का है, जहां पीड़िता ने शुक्रवार को लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है।
क्या है मामला?
पीड़िता की शादी साल 2022 में मरकच्चो प्रखंड की उत्तरी पंचायत निवासी सोनू साव से हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शुरुआत में 10 महीने तक सबकुछ सामान्य रहा, लेकिन फिर पति सोनू साव ने कारोबार के लिए पत्नी पर दबाव बनाना शुरू किया। वह बार-बार अपने ससुराल से ₹5 लाख लाने को कहता था। असमर्थता जताने पर महिला के साथ मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना शुरू हुई।
महिला का आरोप है कि 27 जुलाई को रक्षाबंधन के दिन जब उसने मायके जाने और पैसे लाने से इनकार किया तो पति ने उसे कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा। प्यास लगने पर जब उसने पानी मांगा तो पति ने घिनौनी हरकत करते हुए उसे पेशाब पिला दिया।
पहले भी हो चुका है अत्याचार
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि यह पहली बार नहीं है जब उसके साथ ऐसा बर्ताव हुआ है। पहले भी सोनू साव ने उसे छत से धक्का दे दिया था, जिससे उसके दोनों पैर टूट गए थे। उस वक्त गांव स्तर पर मामला समझौते से सुलझा दिया गया था।
पति ने लगाए पलटवार के आरोप
वहीं, आरोपी पति सोनू साव ने इन सभी आरोपों को नकारते हुए पत्नी बेबी कुमारी पर ₹2.5 लाख के जेवर और अपनी मां के गहने चुराकर भागने का आरोप लगाया है।
पुलिस जांच में जुटी
मरकच्चो थाना प्रभारी ने बताया कि महिला की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही सभी तथ्यों की गहराई से पड़ताल कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित मामला:
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में भी ऐसी ही क्रूरता का मामला सामने आया था, जिसमें एक महिला ने अपने पति पर पेशाब पिलाने और मारपीट करने का आरोप लगाया था। आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









