Ranchi: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के झारखंड प्रवास के दूसरे दिन सूबे की सियासत में बड़ी हलचल देखने को मिली। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के कुच्चू स्थित पैतृक आवास पर भाजपा के दिग्गज नेताओं का महाजुटान हुआ।
यहाँ आयोजित एक विशेष परिचयात्मक बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक और सांगठनिक दृष्टिकोण से रांची के तीनों जिलों के कार्यसमिति सदस्यों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आदित्य साहू के परिवारजनों से मुलाकात की और उनके आवास पर अल्पाहार भी किया।
वरिष्ठ नेताओं को मिला ‘जीत’ का मंत्र
इस महत्वपूर्ण बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सभी वरिष्ठ नेताओं और जमीनी कार्यकर्ताओं से आत्मीय संवाद स्थापित किया। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, आगामी राजनीतिक चुनौतियों से निपटने और भाजपा के विस्तार को लेकर बेहद महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया।
इसके साथ ही उन्होंने ‘विकसित झारखंड और विकसित भारत’ के संकल्प को पूरा करने के लिए रोडमैप साझा किया।
एक मंच पर दिखे भाजपा के तमाम बड़े चेहरे
इस सांगठनिक बैठक की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि इसमें झारखंड भाजपा के लगभग सभी शीर्ष चेहरे एक साथ नजर आए।
बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, अर्जुन मुंडा, मधु कोड़ा, और केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी व संजय सेठ मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इनके अलावा कई वर्तमान व पूर्व सांसद-विधायक भी इस महामंथन का हिस्सा बने, जो राज्य में भाजपा की एकजुटता और बड़ी सांगठनिक तैयारी को दर्शाता है।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








