Jharkhand News: झारखंड की राजधानी रांची एक बार फिर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आगमन की तैयारियों में जुट गई है. आगामी 10 जुलाई 2025 को रांची में पूर्वी क्षेत्रीय परिषद (Eastern Zonal Council) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी. गृह मंत्रालय ने इस बैठक की आधिकारिक सूचना राज्य सरकार को भेज दी है.
बैठक में कौन होंगे शामिल?
इस बैठक की अध्यक्षता स्वयं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे. इसमें झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के मुख्यमंत्री सहित संबंधित राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे.
बैठक में पूर्वी भारत के विकास कार्यों, आंतरिक सुरक्षा, सीमावर्ती मामलों और राज्यों के आपसी समन्वय जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी.
पहले 10 मई को होनी थी बैठक
गौरतलब है कि यह बैठक पहले 10 मई 2025 को आयोजित होनी थी, लेकिन भारत-पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण हालात के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था. उस समय अमित शाह का 9 मई को रांची आगमन प्रस्तावित था, जो रद्द करना पड़ा था.
अब यह बैठक 10 जुलाई 2025 को तय मानी जा रही है और इसे लेकर सुरक्षा एजेंसियां व प्रशासनिक अमला तैयारियों में जुट गया है.













