धनबाद: धनसार थाना क्षेत्र में 52 लाख रुपये की ठगी के आरोप में फरार चल रहे आशीष कुमार गुप्ता पर पुलिस ने बुधवार को इश्तिहार चस्पा कर दिया। आरोपी बलवाड़ी स्कूल के निकट रहता है और उसके खिलाफ धनसार थाना में दर्ज मामले में लंबे समय से गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। लगातार नोटिस और कोर्ट से वारंट जारी होने के बाद भी आशीष गुप्ता न्यायिक प्रक्रिया से बचता रहा।
आरोपी पर जमीन और घर दिलाने के नाम पर 52 लाख रुपये की ठगी का आरोप है। पीड़ित अमित कुमार ने बताया कि यह कोई पहला मामला नहीं है, इससे पहले भी आरोपी पर कई गंभीर आरोप लगे हैं जिनकी पुलिस जांच कर रही है।
अब अगला कदम कुर्की-जब्ती की कार्रवाई होगी
बुधवार को पुलिस टीम आरोपी के घर पहुंची और मुख्य द्वार पर फरार आरोपी से जुड़े विवरण वाला इश्तिहार चस्पा किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कोर्ट से वारंट पहले ही निर्गत किया जा चुका है। इश्तिहार चस्पा होने के बाद अब अगला कदम कुर्की-जब्ती की कार्रवाई होगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि आरोपी जल्द सामने नहीं आता है, तो उसकी संपत्तियों को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। फिलहाल पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही है और टीम सक्रिय रूप से गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।












