Koderma: कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र के कटाहाडीह पंचायत अंतर्गत साहेबाडीह के मोदी चौक के पास मंगलवार को सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल है। दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में साहेबाडीह निवासी सद्दाम खान की मौत हुई है। वह सलाउद्दीन खान का पुत्र था। वहीं, फुन्नू कुमार यादव, पिता स्व. महेंद्र महतो, हादसे में घायल हुए हैं।
रांची ले जाने के दौरान युवक की मौत
जानकारी के अनुसार, मोदी चौक के पास ट्रैक्टर की टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सदर अस्पताल कोडरमा पहुंचाया गया। सद्दाम की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे रांची रेफर कर दिया। हालांकि, रांची ले जाने के दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई। घायल फुन्नू कुमार यादव का इलाज जारी है।
आक्रोशित परिजनों ने शव को ट्रैक्टर मालिक के घर के सामने रखकर हंगामा किया
सद्दाम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। हादसे में शामिल ट्रैक्टर उसी गांव का बताया जा रहा है। आक्रोशित परिजनों ने शव को ट्रैक्टर मालिक के घर के सामने रखकर हंगामा किया और ट्रैक्टर मालिक तथा कथित नाबालिग चालक को मौके पर बुलाने की मांग की।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। परिजनों के अनुसार, सद्दाम की शादी करीब एक साल पहले हुई थी। उसकी मौत से पत्नी समेत परिवार में मातम पसरा है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








