भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध जैसे हालात के मद्देनजर भारत ने अपनी सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है. इस कड़ी में भारत-नेपाल सीमा को भी पूरी तरह सील कर दिया गया है. सुरक्षा की दृष्टि से बिहार से सटी 729 किलोमीटर लंबी नेपाल सीमा पर दो माह के लिए रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक कर्फ्यू लागू कर दिया गया है.
सीमा पर आने-जाने वाले हर व्यक्ति की सघन तलाशी ली जा रही है. सुरक्षा एजेंसियों ने अलर्ट जारी कर दिया है और सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है. खास तौर पर सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवानों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं और उन्हें तत्काल ड्यूटी पर वापस बुला लिया गया है.
बॉर्डर इलाकों में सेना की हलचल और सुरक्षा बलों की तैनाती के चलते स्थानीय लोगों में हलचल है. लोगों की नजरें टीवी, मोबाइल और रेडियो पर टिकी हैं. हर कोई भारतीय सेना की ओर से होने वाली कार्रवाई को लेकर जानने के लिए उत्सुक है. गांवों-कस्बों में लोग छोटे-छोटे झुंडों में चर्चा करते नजर आ रहे हैं. सोशल मीडिया पर भी अफवाहों और खबरों की बाढ़ सी आ गई है.
प्रशासन की ओर से सीमावर्ती इलाकों में विशेष निगरानी टीमों को तैनात किया गया है. संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखी जा रही है और किसी भी तरह की अवैध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए सीमाओं पर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह मुस्तैद हैं.













