KhabarMantra: भारत की जवाबी सैन्य कार्रवाई से पाकिस्तान में खलबली मच गई है। पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने बयान दिया है कि अगर भारत अब और हमले नहीं करता है तो उनका देश तनाव कम करने पर विचार करेगा। डार ने साथ ही चेतावनी दी कि यदि भारत की ओर से कोई और हमला होता है, तो पाकिस्तान भी जवाबी कार्रवाई करेगा। उन्होंने बताया कि अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से बातचीत में भी उन्होंने यही संदेश दिया था।
डार ने कहा, “हमने जवाब दिया क्योंकि हमारे धैर्य की सीमा खत्म हो गई है। अगर भारत यहीं रुकता है, तो हम भी रुकने पर विचार करेंगे।”
इससे पहले भारत के विदेश मंत्रालय ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की जिसमें बताया गया कि पाकिस्तान अपनी सेना को सीमावर्ती इलाकों में तैनात कर रहा है, जिससे संघर्ष और ज्यादा खतरनाक होता जा रहा है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कर्नल सोफिया कुरैशी, विंग कमांडर व्योमिका सिंह और विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने साझा रूप से कहा कि पाकिस्तान की ओर से पंजाब में हाई-स्पीड मिसाइलें दागी गईं और श्रीनगर, अवंतीपुरा तथा उधमपुर में चिकित्सा सुविधा केंद्रों पर हमला किया गया। भारत ने इन हमलों का सख्त जवाब दिया है।
कर्नल कुरैशी ने कहा, “हम हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।” सीमा पर दोनों देशों के बीच सैन्य गतिविधियों में तेजी आने से अंतरराष्ट्रीय समुदाय की भी नजर इस तनावपूर्ण स्थिति पर बनी हुई है।












