Ranchi : झारखंड में पूंजी की कमी से जूझ रहे लैंप्स पैक्स को लोन मुहैया कराने की योजना है. ब्याज मुक्त लोन देने का उद्देश्य राज्य के लैंप्स पैक्स का आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है. विभाग लोन के ब्याज का बोझ अपने कंधों पर उठाएगी.
नेपाल हाउस में सहकारिता विभाग एवं भूमि संरक्षण विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान कृषि , पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने ये बात अधिकारियों से कही है . इस प्रस्ताव पर विभाग के अधिकारियों को काम करने का निर्देश दिया गया है. समीक्षा बैठक के दौरान लैंप्स पैक्स को कंप्यूटरीकृत करने की दिशा में चल रहे कार्य की जानकारी ली गई.
200 लैंप्स पैक्स को कंप्यूटरीकृत करने का काम जारी
अब तक राज्य में करीब 1500 लैंप्स पैक्स को कंप्यूटरीकृत किया जा चुका है जबकि करीब 1200 लैंप्स पैक्स को कंप्यूटरीकृत करने का काम जारी है. इस साल झारखंड में बिरसा फसल बीमा योजना के तहत राज्य के 13 लाख किसानों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया है . रबी फसल की बीमा के लिए भी केंद्र सरकार से अनुमति मांगी गई है . इस दिशा में अधिकारियों को प्रक्रिया पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है .
समीक्षा बैठक में राज्य के सभी 5 फेडरेशन के काम काज की जानकारी ली गई है . झारखंड के करंज की मांग लगातार बढ़ रही है . टरबेरा कंपनी ने करीब 33 MT करंज की खरीद झारखंड के किसानों से की है. ये उत्साह जनक है. इसी तरह मिलेट और मधु को भी आगे बढ़ाने की दिशा में विभाग लगातार काम कर रहा है.
बिरसा पक्का चेक डैम योजना को धरातल पर उतारने को लेकर तैयारी शुरू
झासको फिश के जरिए कोडरमा, बोकारो और जमशेदपुर में बाजार उपलब्ध कराने की योजना है . ताकि मत्स्य उत्पादों को मत्स्य का सही दाम के साथ बाजार उपलब्ध कराया जा सके . भूमि संरक्षण विभाग की समीक्षा के क्रम में बिरसा पक्का चेक डैम योजना के स्वरूप पर विस्तार से चर्चा हुई . चालू वित्तीय वर्ष के बजट में इस योजना को लिया गया है.
चर्चा के क्रम में इस योजना धरातल पर उतारने की दिशा में पहल तेज करने की बात कही गई . तालाबों के जीर्णोद्धार की योजना को लेकर अधिकारियों को कागजी प्रक्रिया पूर्ण करने को कहा गया है. राज्य में अधिक बारिश की वजह से राज्य भर के तालाब पानी से लबालब भरे हुए है.
संभावना जताई जा रही है कि जनवरी माह से इस योजना पर काम शुरू हो सकेगा. समीक्षा बैठक में विशेष सचिव गोपाल जी , निबंधक सहयोग समितियां शशि रंजन , भूमि संरक्षण विभाग निदेशक अशोक सम्राट , JMTTC कार्यपालक निदेशक आर पी सिंह सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहें.













