Business News: दिवाली और छठ पूजा जैसे बड़े त्योहारों के मौके पर जब लाखों लोग अपने घर लौटने की तैयारी में हैं, ऐसे समय में IRCTC की वेबसाइट और मोबाइल ऐप का अचानक ठप हो जाना यात्रियों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है।
आज सुबह 10 बजे से 11 बजे के बीच, जब तत्काल टिकट बुकिंग का समय शुरू हुआ, उसी दौरान IRCTC पोर्टल ने काम करना बंद कर दिया। इसका असर पूरे देश में देखने को मिला, जिससे हजारों यात्री टिकट बुक नहीं कर पाए।
यात्रियों में हड़कंप, सोशल मीडिया पर नाराजगी
जैसे ही पोर्टल डाउन हुआ, यात्रियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर अपनी नाराजगी जाहिर करनी शुरू कर दी। कई यूजर्स ने त्योहारों के दौरान इस तकनीकी खराबी को “IRCTC की घोर लापरवाही” करार दिया। कुछ यूजर्स ने स्क्रीनशॉट साझा करते हुए लिखा कि वे आधे घंटे से ज्यादा समय तक कोशिश करते रहे लेकिन वेबसाइट और ऐप दोनों ठप रहे।
बुकिंग और कैंसिलेशन पूरी तरह बंद
IRCTC की वेबसाइट पर जारी एक संक्षिप्त नोटिफिकेशन में बताया गया कि तकनीकी दिक्कतों के चलते अगले एक घंटे तक टिकट बुकिंग और रद्द करने की सेवाएं उपलब्ध नहीं रहेंगी।
हालांकि, यात्रियों की सुविधा के लिए रद्दीकरण या TDR फाइल करने हेतु हेल्पलाइन नंबर और ईमेल आईडी जारी की गई हैं:
- कॉल करें: 08044647999, 08035734999
- ईमेल करें: etickets@rcte.co.in
आधिकारिक बयान का इंतजार
अब तक IRCTC की ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि, माना जा रहा है कि यह समस्या या तो सर्वर ओवरलोड की वजह से हुई है या फिर सिस्टम मेंटेनेंस के कारण। त्योहारों के दौरान ट्रेनों में जबरदस्त भीड़ होती है, और तत्काल टिकट ही लाखों यात्रियों के लिए आखिरी विकल्प बनते हैं।
वेबसाइट बंद होने से यात्रियों को गहरी निराशा का सामना करना पड़ा है, खासकर तब जब वे टिकट बुक करने की अंतिम कोशिश में थे।













