जमशेदपुर: जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ की घटना सामने आई है। मरीन ड्राइव स्थित फागु बाबा श्मशान घाट के पास करीब सुबह 3:30 बजे हुई इस मुठभेड़ में उडुपी रेस्टोरेंट फायरिंग मामले में आरोपी बताए जा रहे अजीत मंडल और मोहन यादव घायल हो गए। दोनों के पैरों में गोली लगी है।
पुलिस के मुताबिक, बिंदल मॉल स्थित उडुपी रेस्टोरेंट में झामुमो नेता डोमिनिक समेत चार लोगों पर हुई फायरिंग के मामले में अजीत मंडल और मोहन यादव को हिरासत में लिया गया था। पुलिस दोनों को हथियार बरामद करने के लिए फागु बाबा श्मशान घाट के पास लेकर पहुंची थी।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पहले एक लोडेड पिस्तौल वहां फेंकी थी। पुलिस टीम की मौजूदगी में हथियार बरामद करने की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर पिस्तौल उठा ली और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों के पैर में गोली लगी।
MGM अस्पताल में चल रहा इलाज
मुठभेड़ में अजीत मंडल के बाएं पैर और मोहन यादव के दाएं पैर में गोली लगी है। घटना के बाद पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। दोनों पुलिस हिरासत में बताए जा रहे हैं।
मौके से दो पिस्टल बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार मौके से दो पिस्टल बरामद की गई हैं। अब बरामद हथियारों की जांच की जा रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि उडुपी रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं और आरोपियों तक हथियार कैसे पहुंचे। मामले में पुलिस की जांच जारी है।
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।












