नई दिल्ली: SIR के विरोध में प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली के जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। नई दिल्ली जिले में BNS की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू है। पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों की बड़ी संख्या में तैनाती के साथ कई जगह बैरिकेडिंग की गई है।
प्रदर्शन में शामिल होने के लिए पहुंचे सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव को पुलिस ने हिरासत में लिया। वहीं, जंतर-मंतर की ओर जा रही स्टूडेंट एक्टिविस्ट नेहा बोरा को भी पुलिस ने डिटेन किया है।
बैरिकेडिंग के बावजूद आगे बढ़े DYFI और SFI कार्यकर्ता
जंतर-मंतर पर भारी बैरिकेडिंग के बावजूद DYFI और SFI के कार्यकर्ता प्रदर्शन स्थल की ओर बढ़ने की कोशिश करते दिखे। पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर बसों के जरिए मौके से हटाया।
मनोज झा ने सरकार और चुनाव आयोग पर उठाए सवाल
RJD सांसद मनोज झा ने प्रदर्शन की अनुमति को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि विरोध प्रदर्शन के लिए अनुमति की जरूरत नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज गांधी जयंती है और यह गांधी का देश है।
मनोज झा ने आगे आरोप लगाया कि पुलिस व्यवस्था के जरिए विरोध को रोकने के बावजूद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अपनी कथित गलतियों को छिपा नहीं पाएंगे।
12 मेट्रो स्टेशन बंद
सुरक्षा कारणों से नई दिल्ली इलाके के कई मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही रोक दी गई है। बाराखंबा रोड मेट्रो स्टेशन को भी अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। इसके बाद बंद किए गए स्टेशनों की संख्या 12 हो गई है।
बंद स्टेशनों में जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, लोक कल्याण मार्ग, INA, चावड़ी बाजार, रामकृष्ण आश्रम मार्ग और नई दिल्ली शामिल हैं। आईटीओ के आसपास भी बैरिकेडिंग कर वाहनों और लोगों की जांच की जा रही है।
प्रदर्शन और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने लोगों से प्रभावित इलाकों में जाने से पहले यातायात और मेट्रो संबंधी अपडेट देखने की अपील की है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis











