धनबाद: सरकारी काम में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप से जुड़े मामले में डुमरी विधायक जयराम महतो समेत चार आरोपियों की अग्रिम जमानत याचिका पर मंगलवार को धनबाद की एमपी-एमएलए कोर्ट में सुनवाई होगी। सोमवार को धनबाद के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत ने अग्रिम जमानत की अर्जी को सुनवाई के लिए एमपी-एमएलए कोर्ट के विशेष न्यायालय में स्थानांतरित कर दिया।
आरोपियों की ओर से वरीय अधिवक्ता शाहनवाज ने पैरवी की। उन्होंने बताया कि अग्रिम जमानत याचिका पर मंगलवार को सुनवाई निर्धारित है। जयराम महतो के अलावा सुशील मंडल, महेंद्र साव और राजकुमार मंडल ने अग्रिम जमानत के लिए अदालत का रुख किया है।
बरवाअड्डा थाना कांड संख्या 146/26 में दर्ज है प्राथमिकी
यह मामला बरवाअड्डा थाना कांड संख्या 146/26 से जुड़ा है। थाना प्रभारी रवि कुमार के बयान पर 22 अगस्त 2026 को बरवाअड्डा थाने में विधायक जयराम महतो समेत कई लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
प्राथमिकी में जयराम महतो, सुशील मंडल, दिलीप चौधरी, राजकुमार मंडल, जितेंद्र हजारी, अजय दास, गोलक कुमार महतो, महेंद्र साव, रंजीत कुमार साव, राजेश महतो और त्रिपुरारी पांडेय समेत अन्य समर्थकों के नाम शामिल हैं।
गणेश दास की गिरफ्तारी के बाद थाने पहुंचे थे विधायक
प्राथमिकी के अनुसार, गणेश दास को एक मामले में गिरफ्तार कर बरवाअड्डा थाना की हाजत में रखा गया था। उसकी गिरफ्तारी की जानकारी मिलने के बाद विधायक जयराम महतो करीब 40 से 50 समर्थकों के साथ थाना पहुंचे।
पुलिस का आरोप है कि इस दौरान विधायक ने पुलिस पदाधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया और समर्थकों से हाजत में बंद गणेश दास को बाहर निकालने के लिए कहा। इसके बाद कुछ समर्थक हाजत की ओर बढ़ने लगे। प्राथमिकी में थाना प्रभारी ने आरोप लगाया है कि उन्हें रोकने के दौरान विधायक ने उन्हें धक्का दिया।
समर्थकों पर पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की का आरोप
प्राथमिकी में यह भी आरोप लगाया गया है कि विधायक के साथ पहुंचे समर्थकों ने थाना प्रभारी के कार्यालय कक्ष में पुलिस पदाधिकारियों के साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज की।
पुलिस के अनुसार, इसी दौरान दिलीप चौधरी ने थाना प्रभारी की मेज पर मुक्का मारा और वहां रखा पदनाम बोर्ड तोड़ दिया। पुलिस ने आरोप लगाया है कि थाना परिसर में हुए हंगामे के कारण पुलिसकर्मियों के सरकारी काम में बाधा उत्पन्न हुई।
अब इस मामले में जयराम महतो समेत चार आरोपियों की ओर से दाखिल अग्रिम जमानत याचिका पर मंगलवार को एमपी-एमएलए कोर्ट में सुनवाई होगी। अदालत के फैसले पर सभी की नजरें टिकी हैं।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








