Jharkhand News: झारखंड ATS और दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए अशहर दानिश को गिरफ्तार किया है, जो कथित रूप से एक संदिग्ध आतंकी संगठन से जुड़ा हुआ था। गिरफ्तारी रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र के इस्लाम नगर स्थित तबरक लॉज से हुई, जहां वह खुद को छात्र बताकर पिछले डेढ़ साल से रह रहा था।
पाकिस्तान से कनेक्शन और बड़ी साजिश का खुलासा
सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में यह बात सामने आई है कि अशहर दानिश का सीधा कनेक्शन पाकिस्तान से था और वह लगातार भारत की संवेदनशील जानकारियाँ वहां भेज रहा था। उसके पास से केमिकल बम बनाने की सामग्री भी बरामद की गई है। जानकारी यह भी मिली है कि वह संगठन में “CEO” के नाम से जाना जाता था और युवाओं को संगठन से जोड़ने का कार्य करता था।
दुर्गा पूजा पर रांची में हमले की योजना
दानिश ने रांची में दुर्गा पूजा के दौरान बड़ी साजिश रचने की योजना बनाई थी। इस दौरान भारी भीड़भाड़ को निशाना बनाने का प्रयास किया जाना था। लेकिन सुरक्षा एजेंसियों ने समय रहते इस साजिश को नाकाम कर दिया।
ATS करेगी गहन पूछताछ
अब झारखंड ATS की एक टीम दिल्ली जाकर अशहर दानिश से गहन पूछताछ करने वाली है। इसके माध्यम से यह जानकारी जुटाई जाएगी कि झारखंड में दानिश के संपर्क में और कौन-कौन लोग थे और किस स्तर पर आतंकी नेटवर्क काम कर रहा था।
संगठन का मुख्य संयोजक था दानिश
देश के विभिन्न हिस्सों में हुई छापेमारी में 5 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है, लेकिन दानिश को संगठन का मुख्य संयोजक माना जा रहा है। वह कोडवर्ड्स में संगठन के अन्य आतंकियों से बातचीत करता था, जिसकी भनक उसके रूममेट तक को नहीं थी।












